Last Updated on अप्रैल 1, 2024 by Neelam Singh
सारांश
एक फेसबुक पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि गर्भावस्था में नारियल तेल और एलोवेरा जेल को मिलाकर लगाने से स्ट्रेच मार्क्स को हटाया जा सकता है। जब हमने इस पोस्ट का तथ्य जाँच किया तब पाया कि यह दावा अधिकतर गलत है।
दावा
एक फेसबुक पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि गर्भावस्था में नारियल तेल और एलोवेरा जेल को मिलाकर लगाने से स्ट्रेच मार्क्स को हटाया जा सकता है।
तथ्य जाँच
स्ट्रेच मार्क्स क्या होते हैं?
स्ट्रेच मार्क्स त्वचा के अंदरूनी निशान होते हैं, जो त्वचा पर खिंचाव या तनाव के कारण बनते हैं। स्ट्रेच मार्क्स होने में आनुवंशिकी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक अन्य अध्ययन से पता चलता है कि अधिवृक्क ग्रंथ यानी कि adrenal gland द्वारा उत्पादित कोर्टिसोल हार्मोन (cortisol hormone) भी त्वचा के लचीलेपन यानी कि elasticity को कम कर देता है।
इसके साथ ही, कोलेजन नामक प्रोटीन भी त्वचा को अधिक लचीला बनाने के लिए जिम्मेदार होती है इसलिए यदि त्वचा में पर्याप्त कोलेजन न हो, तो स्ट्रेच मार्क्स पड़ सकते हैं।
स्ट्रेच मार्क्स को स्ट्राइ के नाम से भी जाना जाता है। आमतौर पर गर्भावस्था के दौरान त्वचा पर तनाव पड़ने के कारण या वजन बढ़ने के कारण भी स्ट्रेच मार्क्स हो जाते हैं। ये त्वचा पर संकीर्ण, लम्बी धारियों के रूप में दिखाई देते हैं और उन्हें पूरी तरह से हटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हालांकि कई उपचार उपलब्ध हैं, लेकिन स्ट्रेच मार्क्स का कोई निश्चित इलाज नहीं है।
क्या स्ट्रेच मार्क्स को हमेशा के लिए हटाया जा सकता है?
बिल्कुल नहीं। स्ट्रेच मार्क्स को पूरी तरह से हटाने की क्षमता त्वचा पर निर्भर करती है। स्थायी उपचार में खिंचाव के निशानों के नीचे यानी कि स्ट्रेच मार्क्स वाली त्वचा के नीचे नए स्वस्थ ऊतकों का पुनर्निर्माण किया जाता है, ताकि निशानों की उपस्थिति कम हो सके और धीरे-धीरे नई त्वचा दिखाई देने लगे। हालांकि उपलब्ध रासायनिक उपचार स्ट्रेच मार्क्स को कम कर सकते हैं, लेकिन उपचार का परिणाम कई कारणों पर निर्भर करता है, जिसमें स्ट्रेच मार्क्स होने के कारण, मरीज की त्वचा आदि को आधार माना जाता है। वहीं लेकिन घरेलू उपचार के जरिए स्ट्रेच मार्क्स को केवल कम किया जा सकता है।
क्या नारियल का तेल स्ट्रेच मार्क्स को कम कर सकता है?
कुछ हद तक। स्ट्रेच मार्क्स त्वचा को शुष्क और खुजलीदार बना देते हैं। चूंकि नारियल के तेल में नमी होती है, इसलिए स्ट्रेच मार्क्स पर इसका नियमित उपयोग त्वचा को पोषण प्रदान करता है और उसे हाइड्रेट करता है। यही कारण है कि भविष्य में खिंचाव के निशान कम हो सकते हैं लेकिन ठीक नहीं हो सकते।
शोध बताते हैं कि नारियल का तेल घावों को ठीक कर सकता है और कोलेजन को बढ़ा सकता है। इसके अलावा नारियल का तेल सूजन को कम कर सकता है और त्वचा की रंगत को निखार सकता है।
क्या एलोवेरा जेल स्ट्रेच मार्क्स को ठीक कर सकता है?
शोध बताते हैं कि एलोवेरा का स्ट्रेच मार्क्स पर पड़ने वाले लाभों का समर्थन करने के लिए पर्याप्त अध्ययन का अभाव है। हालांकि एलोवेरा जेल का त्वचा पर इस्तेमाल करना सुरक्षित है क्योंकि इसमें हाइड्रेटिंग गुण होते हैं, जो ना केवल त्वचा की नमी को बनाए रखते हैं बल्कि सूजन को भी कम करते हैं।
क्या एलोवेरा जेल और नारियल तेल को मिलकर लगाने से स्ट्रेच मार्क्स को हटाया जा सकता है?
इस बात का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि एलोवेरा या नारियल का तेल स्ट्रेच मार्क्स को पूरी तरह से हटा सकता है। इस वीडियो के संदर्भ में त्वचा विशेषज्ञ डॉ. ज्योति कन्नंगथ बताती हैं, “त्वचा में खिंचाव के निशानों को हटाया नहीं जा सकता है। उन्हें केवल कम किया जा सकता है। फ्रैक्शनल लेजर, रेडियोफ्रीक्वेंसी, पीआरपी आदि प्रक्रियाओं से त्वचा की बनावट में परिवर्तन किया जा सकता है और रंगत में भी बदलाव किया जा सकता है। हालांकि स्ट्रेच मार्क्स के उपचार के लिए उपयोग किए जाने वाले उत्पाद द्वारा 3 से 6 महीने तक नियमित रूप से उपयोग के जरिए स्ट्रेच मार्क्स को कम किया जा सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि एलोवेरा में मौजूद एलोसिन नामक यौगिक त्वचा की रंगत के लिए जिम्मेदार होता है क्योंकि यह एंजाइम टायरोसिनेस को प्रतिस्पर्धात्मक रूप से रोकता है, जिससे रंजकता यानी कि pigmentation में कमी आती है। हालांकि ऐसे कई रिपोर्ट्स हैं, जो बताते हैं कि कुछ लोगों को एलोवेरा के इस्तेमाल से त्वचा के संवेदनशील होने की समस्या हुई।
वहीं नारियल के बारे में उन्होंने कहा कि नारियल तेल भी स्ट्रेच मार्क्स को नहीं हटा सकते। हालांकि नारियल तेल एवं एलोवेरा में मॉइस्चराइजिंग और सूजनरोधी गुण होते हैं इसलिए स्ट्रेच मार्क्स को कम करने के लिए अन्य उपचारों के साथ उनका उपयोग किया जा सकता है। इन उत्पादों का उपयोग स्ट्रेच मार्क्स के विकास को रोकने के लिए किया जा सकता है।
अतः उपरोक्त शोध पत्रों से पता चलता है कि नारियल तेल एवं एलोवेरा जेल स्ट्रेच मार्क्स को केवल कम कर सकते हैं। उसे पूरी तरह से ठीक नहीं कर सकते इसलिए यह दावा ज्यादातर गलत है क्योंकि वीडियो में दावाकर्ता का कहना है कि नारियल तेल और एलोवेरा जेल के जरिए स्ट्रेच मार्क्स को हटाया जा सकता है। हमने पहले भी कई भ्रामक दावों की जाँच की है, जिसे आप यहां पढ़ सकते हैं।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.