डॉ. अभिषेक मेहता, MBBS/ DNB एक आर्थोपेडिक सलाहकार हैं। इनके पास छह वर्षों का अनुभव है और वर्तमान में यह अहमदाबाद के शाल्बी हॉस्पिटल में एक सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। THIP Media के साथ की गई एक बातचीत में डॉ. अभिषेक मेहता ने बताया कि मरीजों के लिए स्वास्थ्य साक्षरता कितनी आवश्यक है:
मरीजों के द्वारा की जाने वाली आम गलतियां क्या हैं?
मरीज किसी भी डॉक्टर से बात करते समय काफी सारी गलतियाँ करती हैं जिनमें से एक अपनी बीमारी के बारे में पूरी जानकारी न देना है। इसकी वजह से डॉक्टर को उनकी बीमारी की सही पहचान करने में परेशानी हो सकती है। इसके अतिरिक्त, कुछ मरीज अपने स्वास्थ्य की प्रासंगिक जानकारी छिपा सकते हैं या डॉक्टर के प्रश्नों के अटपटे उत्तर दे सकते हैं। इसकी वजह से उपचार प्रक्रिया बाधित हो सकती है।
स्वास्थ्य साक्षरता क्या है? यह महत्वपूर्ण क्यों है?
स्वास्थ्य साक्षरता से तात्पर्य उन संकेतों की पहचान करना है, जो स्वास्थ्य संबंधी समस्या का संकेत देते हैं। यह साक्षरता इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसकी सहायता से किसी भी बीमारी का पता समय रहते लगाया जा सकता है। इस प्रकार उनका उपचार सही समय पर शुरू किया जा सकता है।
मरीज को उसके स्वास्थ्य की बुनियादी जानकारी होना उसके समग्र उपचार प्रणाली के लिए कितना सहायक है?
जिन मरीजों को अपने स्वास्थ्य की बुनियादी जानकारी होती है, वे उपचार योजनाओं का प्रभावी ढंग से पालन करते हैं और वे डॉक्टर के सवालों का सही तरीके से जवाब देते हैं। इसके अलावा वे यह समझते हैं कि उपचार प्रक्रिया के दौरान कुछ परेशानियाँ होना सामान्य चीज़ है।
चिकित्सीय गलत सूचना उपचार प्रक्रियाओं को किस प्रकार प्रभावित कर सकती है?
चिकित्सीय गलत सूचना उपचार प्रक्रिया को प्रभावित करती है, जिससे मरीज उपचार संबंधी जटिलताओं से परेशान हो सकता है। इसके अलावा वह उपचार संबंधी बुरे अनुभवों के कारणवश उपचार संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं को कराने से मना कर सकता है। इसके परिणामस्वरूप उसके उपचार में देरी हो सकती है।
आपके मरीजों के सबसे आम मिथक क्या हैं?
मैंने मरीजों में काफी सारे मिथक और गलतधारणाएँ देखी हैं। जिनमें से अधिकांश सर्जरी के परिणामों से संबंधित होती हैं। उदाहरण के लिए ज्यादातर लोग यह सोचते हैं कि सर्जरी एक आसान प्रक्रिया है, जिसमें किसी तरह का जोखिम नहीं होता है। इसके अलावा कुछ मरीज सर्जरी कराने के बजाय दवाई या अन्य उपचार विकल्पों को प्राथमिकता देते हैं।
ऑनलाइन स्वास्थ्य संबंधी गलत सूचनाओं से कैसे बचा जा सकता है?
मैं अपने मरीजों को ऑनलाइन स्वास्थ्य संबंधी गलत सूचनाओं से बचने के लिए विभिन्न तरीके बताता हूँ। सबसे पहले, मैं उन्हें अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की एक व्यापक सूची बनाने की सलाह देता हूं ताकि वे डॉक्टर से मिलने पर अपने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दे सकें। इसके अतिरिक्त, मैं उन्हें ऑनलाइन जानकारी के आधार पर खुद से फैसला न लेने की भी सलाह देता है क्योंकि इससे मरीज के मन में अनावश्यक चिंता और गलतधारणा उत्पन्न हो सकती है। अंत में, मैं सभी मरीजों को यही सलाह देता हूँ कि बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न लें क्योंकि इससे उनके स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

