सारांश
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि 14 साल और इससे ऊपर के उम्र की लड़कियां टीकाकरण के बाद कभी मां नहीं बन पाएंगी। इस वीडियो में इसे बिल गेट्स और अन्य लोगों द्वारा षड्यंत्र बताया जा रहा है। जब हमने इस पोस्ट का तथ्य जाँच किया तब पाया कि यह दावा बिल्कुल गलत है।

दावा
इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि 14 साल और इससे ऊपर के उम्र की लड़कियां टीकाकरण के बाद कभी मां नहीं बन पाएंगी। इस वीडियो में इसे बिल गेट्स और अन्य लोगों द्वारा षड्यंत्र बताया जा रहा है।

तथ्य जाँच
क्या टीकाकरण लड़कियों की प्रजनन क्षमता को प्रभावित करता है?
ऐसा कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं है, जो इस दावे की पुष्टि करता हो या किसी खास टीके के बारे में बताता हो कि उसे लगवाने से लड़कियां कभी मां नहीं बन पाएंगी। हमने इस विषय पर गुगल समेत गुगल स्कॉलर पर काफी खोजने की कोशिश की लेकिन इस तरह का कोई खास वैज्ञानिक सबूत नहीं मिले।

डॉ. रुद्री अग्रवाल, फर्टिलिटी विशेषज्ञ और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ बताती हैं, किसी भी टीके का महिलाओं या पुरुषों की प्रजनन क्षमता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने का कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। कई शोध और व्यवस्थित समीक्षाओं में यह स्पष्ट किया गया है कि टीकाकरण से फर्टिलिटी प्रभावित नहीं होती है। यहां तक कि आईवीएफ जैसी सहायक प्रजनन तकनीकों पर किए गए अध्ययनों में भी पाया गया है कि टीकाकरण का अंडाशय की प्रक्रिया, भ्रूण के विकास या गर्भधारण की सफलता पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ता है। प्रमुख स्वास्थ्य संस्थाएं भी इस बात की पुष्टि करती हैं कि टीके वर्तमान या भविष्य में प्रजनन क्षमता को प्रभावित नहीं करते हैं।”
क्या 14 वर्ष की लड़कियों का टीकाकरण बिल गेट्स का षडयंत्र है?
बिल्कुल नहीं। इस विषय पर हमने बहुत खोजने की कोशिश की लेकिन इस संदर्भ में कोई जानकारी नहीं मिली, जिससे ये भी पता चलता हो कि बिल गेट्स द्वारा किसी खास टीकाकरण में सहयोग भी किया जा रहा है या नहीं। हालांकि इस वायरल वीडियो में बिल गेट्स समेत अन्य लोग केवल कहा गया है, जिसके बारे में स्पष्ट तौर पर कोई जानकारी मौजूद नहीं है।
क्या 14 साल की उम्र में लड़कियों को कोई खास टीका दिया जाता है?
शोध के अनुसार 14 साल की उम्र के आसपास लड़कियों को कुछ जरूरी टीके दिए जाते हैं, जो उनकी सेहत की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। इस उम्र में सबसे प्रमुख HPV (Human Papillomavirus) वैक्सीन होती है, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए दी जाती है और आमतौर पर 9 से 14 साल की उम्र के बीच लगाई जाती है।
इसके अलावा Td (Tetanus और Diphtheria) का बूस्टर भी इस उम्र के आसपास दिया जाता है, जो भारत के टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा है। अगर बचपन में कुछ टीके छूट गए हों, तो डॉक्टर की सलाह से MMR (Measles, Mumps, Rubella), हेपेटाइटिस B या चिकनपॉक्स के टीके भी इस उम्र में लगाए जा सकते हैं।

डॉ. प्रियंका मेहता, MD, MRCOG (UK), स्त्री रोग विशेषज्ञ, हार्मोन विशेषज्ञ, वन लाइफ वेलनेस कंसल्टेंसी FZ, दुबई, संयुक्त अरब अमीरात की सह-संस्थापक हैं। वे बताती हैं, “यह समझना जरूरी है कि वैक्सीन शरीर को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए दी जाती हैं और इनका प्रजनन क्षमता पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं होता।”
वे आगे बताती हैं, “कई बार HPV वैक्सीन को लेकर अफवाहें फैलाई जाती हैं लेकिन ये पूरी तरह से सुरक्षित है। इसका प्रजनन क्षमता या मासिक धर्म चक्र पर कोई असर नहीं पड़ता है। इसके सबसे आम दुष्प्रभाव इंजेक्शन लगाने की जगह पर हल्का दर्द और सूजन है।”
दावाकर्ता की प्रोफाइल से हमें क्या मिला?
दावाकर्ता की प्रोफाइल का नाम gitagairegitagaire है। इस प्रोफाइल पर 51 पोस्ट्स, 11K फॉलोवर्स और 226 फॉलोविंग हैं। वहीं जिस वीडियो पोस्ट के जरिए टीकाकरण को लेकर दावा किया जा रहा है, उसमें ये तथ्य जाँच लिखने तक 482 कमेंट्स और 69.8K लाइक्स हैं।
इससे इस वीडियो के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने की आशंका है क्योंकि कई लोग इस वीडियो में दी गई जानकारी को सच मान रहे हैं जबकि असल में ये केवल अफवाह और गलत जानकारी है। साथ ही इस तरह के हमें अन्य दावे भी मिले हैं, जिसे आप यहां और यहां देख सकते हैं।
अतः उपरोक्त तथ्यों के आधार पर कहा जा सकता है कि यह दावा बिल्कुल गलत है। अगर आपको कोई भी दावा संदिग्ध लगता है, तो गलत सूचना को फैलने से रोकने के लिए इसकी रिपोर्ट करें। आप हमें [email protected] पर मेल कर सकते हैं अथवा हमारी WhatsApp हेल्पलाइन नंबर +91 85078 85079 पर भी संदेश/message भेज सकते हैं।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.
