सारांश
एक सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार पनीर में कीड़े होते हैं, जिसे खाने से पहने हल्दी-नमक के पानी में धोना जरूरी है। जब हमने इस पोस्ट का तथ्य जाँच किया तब पाया कि यह दावा बिल्कुल गलत है।

दावा
फेसबुक पर जारी एक वीडियो पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि पनीर में कीड़े होते हैं, जिसे खाने से पहने हल्दी-नमक के पानी में धोना जरूरी है।

तथ्य जाँच
क्या पनीर में रखने के दौरान अपने-आप कीड़े बन सकते हैं?
पनीर में अपने-आप कीड़े नहीं बनते हैं। आमतौर पर कीड़े तब दिखाई देते हैं, जब पनीर लंबे समय तक खुला पड़ा रहे या गंदे माहौल में रखा हो, तो मक्खियां उस पर अंडे दे सकती हैं और उनसे कीड़े निकल सकते हैं। यह गंभीर रूप से दूषित और खराब पनीर का संकेत होता है। ऐसे पनीर को खाना बिल्कुल सुरक्षित नहीं है।
पनीर कैसे बनता है और कहां गड़बड़ी हो सकती है?
पनीर बनाने की प्रक्रिया सरल है। सबसे पहले दूध को गर्म किया जाता है, उसमें खट्टा पदार्थ अर्थात दही मिलाकर दूध को फाड़ा जाता है। उसके बाद फाटे हुए दूध को छान लिया जाता है और पानी अलग कर पनीर बना दिया जाता है। क्योंकि पनीर एक ताजा डेयरी उत्पाद है और इसमें नमी अधिक होती है इसलिए अगर इसे ठीक से ना रखा जाए तो यह जल्दी खराब हो सकता है। हालांकि गड़बड़ी इन स्थितियों में हो सकती है-
- अगर दूध खराब हो
- बनाने का स्थान साफ ना हो
- पनीर खुला रखा हो और उस पर मक्खियां बैठ जाएं
- लंबे समय तक सामान्य तापमान पर रखा रहे
ऐसी स्थिति में पनीर में बैक्टीरिया या सड़न हो सकती है लेकिन यह कीड़ों के “अपने-आप बनने” जैसा नहीं होता।
क्या हल्दी और नमक वाले पानी में धोने से पनीर के कीड़े निकल जाते हैं?
नहीं। दावाकर्ता द्वारा इसी तरीके से पनीर के कीड़े निकाले जा रहे हैं लेकिन इस बात का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि हल्दी और नमक के पानी में पनीर धोने से उसमें मौजूद कीड़े निकल जाते हैं या पनीर सुरक्षित हो जाता है।
हल्दी और नमक में कुछ हद तक रोगाणुरोधी गुण हो सकते हैं लेकिन खराब या दूषित पनीर को धोकर सुरक्षित नहीं बनाया जा सकता। अगर पनीर में कीड़े दिख रहे हैं, तो उसका प्रयोग न करना ही सुरक्षित विकल्प है।

इस विषय पर आहार विशेषज्ञ गरिमा देववर्मन बताती हैं, “पनीर दूध को जमाकर बनाया जाने वाला एक ताज़ा डेयरी उत्पाद है और सामान्य परिस्थितियों में इसमें अपने-आप कीड़े नहीं बनते। यह दावा कि पनीर में कीड़े होते हैं, जिन्हें हल्दी और नमक के पानी से धोकर हटाना चाहिए, ये खाद्य विज्ञान के अनुसार सही नहीं है। अगर पनीर साफ-सफाई के साथ बनाया गया हो और सही तरीके से फ्रिज में रखा गया हो, तो इसे खाना सुरक्षित होता है। हालांकि किसी भी ताज़ा खाद्य पदार्थ की तरह पनीर भी खराब हो सकता है, खासकर जब इसे लंबे समय तक कमरे के तापमान पर रखा जाए या संभालते समय यह दूषित हो जाए इसलिए ऐसे घरेलू उपायों पर भरोसा करने के बजाय लोगों को विश्वसनीय जगह से पनीर खरीदने, उसकी गंध और बनावट की जांच करने और उसे सही तरीके से स्टोर करने पर ध्यान देना चाहिए।”
कैसे पहचानें कि पनीर खराब हो चुका है?
इस विषय पर गरिमा आगे बताती हैं कि खराब पनीर में कुछ स्पष्ट संकेत दिखाई देते हैं। जैसे-
- खट्टा या अजीब गंध आना
- ऊपर से चिकना या चिपचिपा होना
- पीला या बदला हुआ रंग
- बहुत सख्त या छूते ही टूटने लगे
अगर इनमें से कोई भी संकेत दिखाई दे, तो पनीर को धोकर इस्तेमाल करने के बजाय फेंक देना चाहिए। साथ ही पनीर को हमेशा फ्रिज में एयरटाइट डिब्बे में रखें या साफ पानी में डुबोकर रखें, खरीदने या बनाने के 2–3 दिन के भीतर ही इस्तेमाल करें और पनीर को लंबे समय तक खुला ना छोड़ें।
दावाकर्ता की प्रोफाइल से हमें क्या मिला?
दावाकर्ता की प्रोफाइल का नाम Social Message है, जिसके 4.9M फॉलोवर्स हैं और 215 फॉलोविंग हैं। साथ ही जिस पोस्ट के जरिए दावाकर्ता ने पनीर में कीड़े होने का दावा किया है, उसी पोस्ट में केवल 23.4K लाइक्स, 503 कमेंट्स और 1.4K शेयर हैं। हैरानी की बात ये है कि Social Message फेसबुक पेज को वेरिफाइड का बैज मिला हुआ है।
हमने पहले भी इस तरह के दावों की जाँच की है। जैसे- क्या FSSAI ने पनीर खाने पर प्रतिबंध लगा दिया है? एवं क्या भारत में फलों में नपुंसकता के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं?
अतः उपरोक्त तथ्यों के आधार पर कहा जा सकता है कि यह दावा बिल्कुल गलत है। अगर आपको कोई भी दावा संदिग्ध लगता है, तो गलत सूचना को फैलने से रोकने के लिए इसकी रिपोर्ट करें। आप हमें [email protected] पर मेल कर सकते हैं अथवा हमारी WhatsApp हेल्पलाइन नंबर +91 85078 85079 पर भी संदेश/message भेज सकते हैं।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.
