सारांश
फेसबुक पर जारी एक पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि रात को सोने से पहले दो इलायची का सेवन करने से पुरुषों की नपुंसकता दूर हो जाती है। जब हमने इस पोस्ट का तथ्य जाँच किया तब पाया कि यह दावा बिल्कुल गलत है।

दावा
फेसबुक पर जारी एक पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि रात को सोने से पहले दो इलायची का सेवन करने से पुरुषों की नपुंसकता दूर हो जाती है।
तथ्य जाँच
पुरुषों में नपुंसकता क्यों होती है?
शोध के अनुसार पुरुषों की नपुंसकता यानी की इनफर्टिलिटी का मतलब है कि पुरुष के शुक्राणु (sperm) की संख्या कम होना, उनकी गति कम होना या उनकी बनावट सही ना होना। यह समस्या हार्मोन, संक्रमण, जीवनशैली, धूम्रपान, शराब, तनाव या कुछ बीमारियों के कारण हो सकती है।
क्या कोई मसाला इनफर्टिलिटी की समस्या को ठीक कर सकता है?
नहीं। कोई भी मसाला, जड़ी-बूटी या घरेलू नुस्खा अकेले पुरुषों की इनफर्टिलिटी को “खत्म” नहीं कर सकता है। यह एक मेडिकल स्थिति है, जिसका इलाज कारणों के अनुसार किया जाता है। सिर्फ इलायची खाने से शुक्राणु की संख्या या गुणवत्ता अपने आप ठीक नहीं होती है।

इस विषय पर आहार विशेषज्ञ गरिमा देवर्मन बताती हैं, “किसी मसाले या जड़ी-बुटी को खाने से इनफर्टिलिटी खत्म हो जाना एक मिथक है। इलायची में एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं। ये पाचन, रक्त संचार और सूजन कम करने में मदद कर सकती है, जिससे समग्र स्वास्थ्य बेहतर होता है लेकिन इनफर्टिलिटी एक जटिल समस्या है, जो हार्मोनल असंतुलन, मधुमेह, रक्तचाप, तनाव और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी होती है। इसका इलाज केवल किसी एक खाद्य पदार्थ से नहीं किया जा सकता। सही आहार, जीवनशैली में बदलाव और डॉक्टर की सलाह ज़रूरी होती है।”

वहीं इस विषय पर डॉ. पूजा जैन, सीनियर IVF और फर्टिलिटी कंसल्टेंट, अपोलो फर्टिलिटी, रोहिणी और द्वारका, नई दिल्ली, बताती हैं, “ऐसा कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं है, जो बताता हो कि इलायची या कोई एक खास खाना फर्टिलिटी की समस्या को ठीक कर सकता है। फर्टिलिटी कई बातों पर निर्भर करती है इसलिए सिर्फ मसाले या घरेलू नुस्खों से इलाज संभव नहीं है।”
वे आगे बताती हैं, “सबसे ज़रूरी संतुलित और स्वस्थ खाना है। तला-भुना, बहुत ज़्यादा शराब, बहुत ज़्यादा चाय-कॉफी, मीठे पेय और प्रोसेस्ड खाना फर्टिलिटी को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके बजाय फल, सब्ज़ियां, साबुत अनाज और अच्छा प्रोटीन शरीर और प्रजनन स्वास्थ्य दोनों के लिए फायदेमंद होते हैं।”
क्या इलायची में पुरुषों की इनफर्टिलिटी खत्म करने वाले गुण होते हैं?
नहीं। इलायची को अक्सर प्राकृतिक ताकत बढ़ाने वाली या फर्टिलिटी बढ़ाने वाली चीज़ के रूप में प्रचारित किया जाता है लेकिन सच्चाई यह है कि इलायची अकेले पुरुषों की फर्टिलिटी नहीं बढ़ा सकती।
इस विषय पर गरिमा देववर्मन आगे बताती हैं, “इलायची में कुछ ऐसे तत्व होते हैं, जो शरीर में सूजन कम करने और कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। इससे शुक्राणुओं की सेहत को थोड़ी मदद मिल सकती है लेकिन पुरुषों की फर्टिलिटी सिर्फ एक चीज़ पर नहीं टिकी होती इसलिए इलायची को सहायक खाने की चीज़ माना जा सकता है लेकिन इसे इनफर्टिलिटी का इलाज समझना गलत है।”

वहीं इस विषय पर ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की MD स्कॉलर डॉ. अनुसुइया गोहिल बताती हैं, “आयुर्वेद में कहीं भी यह नहीं कहा गया है कि इलायची फर्टिलिटी की समस्या को ठीक करती है। गर्भधारण के लिए शरीर का अंदर से स्वस्थ होना ज़रूरी है। इसके लिए सही खाना, अच्छी दिनचर्या और संतुलित जीवनशैली चाहिए। सिर्फ इलायची खाने से फर्टिलिटी ठीक नहीं हो जाती।”
सिर्फ इलायची जैसे घरेलू नुस्खों पर भरोसा करने का खतरा क्या है?
केवल इलायची पर या अन्य घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने से निम्नलिखित खतरा हो सकता है-
- सही इलाज में देरी हो जाती है
- समस्या बढ़ सकती है
- मानसिक तनाव बढ़ता है
- समय और भावनात्मक नुकसान होता है
इनफर्टिलिटी को नज़रअंदाज़ करना या घरेलू नुस्खों पर छोड़ देना समझदारी नहीं है बल्कि इसके लिए सही इलाज जरूरी है।
अतः उपरोक्त तथ्यों एवं विशेषज्ञ के बयान के आधार पर कहा जा सकता है कि ये दावा बिल्कुल गलत है। इलायची केवल एक मसाला है, जो पुरुषों की इनफर्टिलिटी को ठीक नहीं कर सकता।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at factcheck@thip.in. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

