सारांश
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के अनुसार फ्रुटी पीने से पांच साल के बच्चे की आंखों की रौशनी चली गई। जब हमने इस पोस्ट का तथ्य जाँच किया तब पाया कि यह दावा बिल्कुल गलत है।

दावा
इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि फ्रुटी पीने से पांच साल के बच्चे की आंखों की रौशनी चली गई।

तथ्य जाँच
फ्रुटी पैकेज्ड मैंगो ड्रिंक में क्या होता है?
फ्रुटी में आम का गूदा, पानी, चीनी और तय मात्रा में प्रिज़र्वेटिव्स होते हैं। ये सभी तत्व फूड सेफ्टी नियमों के अनुसार सुरक्षित सीमा में इस्तेमाल किए जाते हैं। इनमें ऐसा कोई तत्व नहीं होता है, जो सीधे आंखों की रोशनी पर हमला करे।
क्या चीनी या प्रिज़र्वेटिव्स आंखों को सीधे नुकसान पहुंचाते हैं?
सीधे तौर पर नहीं लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब लंबे समय तक बहुत ज्यादा चीनी ली जाए।

नई दिल्ली के होली मिशन क्लिनिक के जनरल फिजिशियन डॉ. उबैद उर रहमान बताते हैं, “फ्रुटी में चीनी की मात्रा अधिक होती है लेकिन अगर सीमित मात्रा में इसका सेवन किया जाए, तो ये सुरक्षित है।”
वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार ज्यादा चीनी शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाती है, जो आंखों के अलग-अलग हिस्सों को प्रभावित कर सकता है। लंबे समय तक चीनी का सेवन मधुमेह का कारण बन सकता है और मधुमेह से आंखों की बीमारी (जैसे रेटिनोपैथी) हो सकती है लेकिन यह असर धीरे-धीरे होता है। किसी एक ड्रिंक से अचानक रोशनी नहीं जाती है।
आहार कब आंखों को प्रभावित करता है?

आंखों की सेहत सिर्फ किसी एक चीज़ पर नहीं, बल्कि पूरे खानपान और जीवनशैली पर निर्भर करती है। इस विषय पर आहार विशेषज्ञ गरिमा देववर्मन बताती हैं, “आंखों की सेहत पर असर तब पड़ता है, जब शरीर में विटामिन A की कमी हो। लंबे समय तक खराब खानपान हो या मधुमेह की बीमारी हो जाए। यानि समस्या किसी एक ड्रिंक से नहीं बल्कि पूरे खानपान से जुड़ी होती है।”

वहीं आहार विशेषज्ञ डॉ. रंजनी रमन बताती हैं, “आंखों की रोशनी के लिए आमतौर पर वे खाद्य पदार्थ फायदेमंद होते हैं, जो आंखों और दृष्टि के वर्तमान कामकाज को बनाए रखने की क्षमता रखते हैं। साथ ही बढ़ती उम्र के साथ विटामिन-ए का सेवन भी आंखों के लिए फायदेमंद होता है।”
क्या फ्रुटी पीने से अंधापन होता है?
नहीं। इस विषय पर आहार विशेषज्ञ गरिमा देववर्मन बताती हैं, “फ्रुटी या किसी भी पैकेज्ड ड्रिंक को पीने से आंखों की रोशनी जाने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। हालांकि, ऐसे उत्पादों का लंबे समय तक ज्यादा सेवन शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है और मधुमेह जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है, जो आगे चलकर आंखों को प्रभावित कर सकती हैं इसलिए ऐसे पेय पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।”
दावाकर्ता की प्रोफाइल से हमें क्या मिला?
दावाकर्ता की प्रोफाइल का नाम Rahul Ahirwar और आईडी _cute_girl_143_ji2 है। तथ्य जाँच लिखने कर दावाकर्ता की प्रोफाइल पर 4086 पोस्ट्स, 2.2M फॉलोवर्स और 44 फॉलोविंग हैं। वहीं, जिस वीडियो के जरिए दावाकर्ता ने फ्रुटी से जुड़ा दावा किया है, उसमें ये तथ्य जाँच लिखने तक 113K लाइक्स और 719 कमेंट्स हैं।
चुंकि इस दावाकर्ता के फॉलोवर्स लाखों में है, ऐसे में उक्त प्रोफाइल के ऊपर एक जिम्मेदारी होनी चाहिए कि वे केवल सही और तथ्यात्मक चीज़ें ही सोशल मीडिया पर साझा करें ताकि भ्रामक खबरों को फैलने से रोका जा सके। इसके अलावा फ्रुटी एक ऐसा पेय पदार्थ है, जो हर किराने के दूकान में आसानी से मिल जाता है। यही कारण है कि अगर कोई इस वीडियो को शुरू में देखेगा, तो उसकी इच्छा पूरा देखने की होगी ही क्योंकि उत्सुकता को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।
अतः उपरोक्त तथ्यों के आधार पर कहा जा सकता है कि यह दावा बिल्कुल गलत है। अगर आपको कोई भी दावा संदिग्ध लगता है, तो गलत सूचना को फैलने से रोकने के लिए इसकी रिपोर्ट करें। आप हमें [email protected] पर मेल कर सकते हैं अथवा हमारी WhatsApp हेल्पलाइन नंबर +91 8507885079 पर भी संदेश/message भेज सकते हैं।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.
