सारांश
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि ट्रांसडर्मल पैच से वजन कम किया जा सकता है। जब हमने इस पोस्ट का तथ्य जाँच किया तब पाया कि यह दावा बिल्कुल गलत है।

दावा
फेसबुक पर जारी वीडियो पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि ट्रांसडर्मल पैच से वजन कम किया जा सकता है।

तथ्य जाँच
ट्रांसडर्मल पैच क्या होते हैं?
ट्रांसडर्मल पैच एक तरह के चिपकने वाले पैच होते हैं, जिन्हें त्वचा पर लगाया जाता है। ये पैच त्वचा के माध्यम से काम करने का दावा करते हैं क्योंकि इसमें मौजूद सामग्री त्वचा के रास्ते शरीर तक पहुंचती है। इन्हें पाचन तंत्र से होकर नहीं गुजरना पड़ता है।
वज़न घटाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रांसडर्मल पैच में आमतौर पर कई तरह के हर्बल या प्राकृतिक तत्व शामिल किए जाते हैं। इनमें ग्रीन कॉफी बीन एक्सट्रैक्ट, जापानी मिंट या होकुटो मिंट, असाई बेरी (Acai Berry), गार्सिनिया कंबोजिया जैसे तत्व शामिल हो सकते हैं।
इन पैच को बनाने वाली कंपनियां अक्सर दावा करती हैं कि ये दो तरीकों से वजन कम करने में मदद कर सकते हैं। पहला, शरीर के मेटाबॉलिज़्म को बढ़ाकर और दूसरा, भूख या खाने की इच्छा को कम करके।
कोई व्यक्ति वज़न कैसे कम कर सकता है?
वज़न कम करने के लिए कई तरह के तरीकों को अपनाना चाहिए, जिसमें खान-पान में बदलाव, जीवनशैली में बदलाव और अगर कोई बीमारी हो तो उसका इलाज शामिल है। वज़न कम करने में किसी बाहरी चीज़ की भूमिका के बारे में कोई ठोस सबूत नहीं है। कुछ ऐसी बीमारियां हो सकती हैं, जिनकी वजह से वज़न बढ़ रहा हो। जैसे- मधुमेह, थायरॉइड और PCOS (जिसे अब Polyendocrine Metabolic Ovarian Syndrome (PMOS) कहा जाता है। ऐसे मामलों में वज़न कम करने के लिए उस बीमारी का इलाज करना ज़रूरी है।

डॉ पी. राममनोहर, रिसर्च डायरेक्टर अमृता सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च इन आयुर्वेद (ĀCĀRA) बताते हैं, “आयुर्वेद के अनुसार मोटापा एक ऐसी स्थिति है, जिसका इलाज मुश्किल है। असल में आयुर्वेद के ग्रंथों में साफ़ तौर पर कहा गया है कि यह लगभग लाइलाज बीमारी है- ‘न हि स्थूलस्य भेषजम्‘। मोटापे का कोई जादुई इलाज नहीं है। कोई भी एक दवा, चाहे वह खाने वाली हो या लगाई जाने वाली, इस समस्या का इलाज नहीं कर सकती। तनाव प्रबंधन, जीवनशैली और खान-पान ही इलाज का मुख्य तरीका है। दवाएं, चाहे वे बाहरी हों या आंतरिक, केवल सहायक होती हैं। मरीज़ जितना ज़्यादा सही सलाह का पालन करते हैं, नतीजे उतने ही बेहतर मिलते हैं। मोटापे के इलाज के लिए हर मरीज़ के हिसाब से अलग-अलग तरीकों की ज़रूरत होती है।”
क्या ट्रांसडर्मल पैच से वजन कम किया जा सकता है?
ट्रांसडर्मल पैच के असरदार होने को लेकर अभी तक कोई मजबूत वैज्ञानिक सबूत नहीं मिला है। वजन घटाने वाले इन पैच में मौजूद इंग्रीडिएंट्स इतनी कम मात्रा में शरीर तक पहुँचते हैं कि उनसे फैट कम करने या मेटाबॉलिज़्म बदलने का बड़ा असर होने की संभावना कम है।
अभी तक ऐसी ठोस रिसर्च नहीं है जो यह साबित करे कि इन पैच में मौजूद तत्व त्वचा के ज़रिए प्रभावी मात्रा में शरीर में पहुँचते हैं और वजन घटाने में मदद करते हैं।
ऐसे पैच को FDA द्वारा मंजुरी नहीं मिली होती है इसलिए इनसे होने वाले संभावित दुष्प्रभाव और जोखिमों के बारे में जानकारी नहीं है। यह साफ नहीं है कि पैच में कुछ खास चीज़ें कितनी मात्रा में हैं और उनसे जुड़े जोखिम क्या हैं।
फ़ेडरल ट्रेड कमीशन का कहना है, “वज़न कम होना शरीर के अंदर होने वाली मेटाबोलिक प्रक्रिया है। आप जो भी पहनते हैं या त्वचा पर लगाते हैं, उससे वज़न में कोई खास कमी नहीं आ सकती इसलिए पैच, क्रीम, लोशन, रैप, बॉडी बेल्ट, इयररिंग और ऐसी ही दूसरी चीज़ों से वज़न कम होने के दावे झूठे हैं।”
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at factcheck@thip.in. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

