अधिकांश महिलाओं में खून की कमी (anaemia) की समस्या देखने को मिलती है। इसका असर उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी पड़ता है। इसके अतिरिक्त, चूंकि महिलाएं अपने स्वास्थ्य का ध्यान अच्छी तरह से रख नहीं पाती हैं इसलिए उनमें खून की कमी की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। अत: यह आवश्यक है कि उन्हें इसकी संपूर्ण जानकारी हो ताकि वह इससे अपनी रक्षा कर सकें। इस लेख में हमने वही जानकारी देने का प्रयास किया है, इसलिए इसे पूरा पढ़ें।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों से स्पष्ट है कि दुनिया भर में 15-49 आयु की लगभग आधी अरब (half billion) महिलाएं और 6-59 महीने के 269 मिलियन बच्चे खून की कमी से पीड़ित हैं। साल 2019 में, 15-49 आयु की 30% (539 मिलियन) गैर-गर्भवती और 37% (32 मिलियन) गर्भवती महिलाएं इससे पीड़ित थीं।

गरिमा देव वर्मन, Dietitian और Certified Diabetic Educator, MSc फूड एंड न्यूट्रिशन, दिल्ली बताती हैं “महिलाओं में खून की कमी होने की संभावना विभिन्न कारणों से अधिक होती है। इनमें मासिक धर्म के दौरान रक्तस्राव, आयरन की कमी, गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिला के शरीर में आयरन की आपूर्ति सही तरीके से न हो पाना आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, भारी मासिक धर्म या गर्भावस्था से संबंधित जटिलताओं समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी खून की कमी का कारण बन सकती हैं। इसके अलावा, खान-पान में अनियमितता और अवशोषण संबंधी समस्याएं भी इसका कारण बन सकती हैं।”
प्रमुख कारण
महिलाओं में खून की कमी होने की संभावना पुरुषों की तुलना में अधिक होती है, जिसके प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं-
- मासिक धर्म: सभी महिलाओं को हर महीने मासिक धर्म (Periods) आते हैं, जिनमें रक्तस्राव होता है और उनके शरीर में खून की कमी हो जाती है। इसकी वजह से आयरन की कमी भी हो सकती है। आयरन मुख्य रूप से लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन के लिए आवश्यक है। आयरन की कमी के कारण शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण नहीं हो पाता है, जिसके परिणामस्वरूप खून की कमी की समस्या हो सकती है।
- गर्भावस्था: इस दौरान गर्भवती महिला और गर्भ में पल रहे बच्चे के शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए लाल रक्त कोशिकाओं की आवश्यकता होती है। यदि कोई महिला आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन या आयरन की दवाई नहीं लेती है, तो उसके शरीर में आयरन की कमी हो सकती है, जो कुछ समय के बाद खून की कमी का रूप ले सकती है।
अन्य कारण
उपरोक्त कारणोंं के अलावा महिलाओं में एनीमिया की समस्या निम्नलिखित कारणों से भी हो सकती है:
- आहार: आयरन, फोलेट और विटामिन बी12 रहित खाद्य पदार्थों का सेवन नियमित रूप में करने से महिलाओं में खून की कमी या एनीमिया की समस्या हो सकती है।
- कुछ रोग: फाइब्रॉएड, अल्सर और क्रोहन रोग (Crohn’s disease) जैसे रोगों की वजह से भी यह समस्या हो सकती है।
ध्यान दें: अगर किसी महिला को एनीमिया से पीड़ित होने की शंका है तो उसे इसके निदान और उपचार के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ से मिलना चाहिए।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

