मासिक धर्म चक्र में विभिन्न प्रकार के चरण होते हैं। इनमें ल्यूटियल चरण भी शामिल है, जो प्रजनन स्वास्थ्य (reproductive well-being) के लिए महत्वपूर्ण है। इस लेख में ल्यूटियल चरण की महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
ल्यूटियल चरण क्या है?

ल्यूटियल चरण मासिक चक्र का वह हिस्सा है जो ओव्यूलेशन के बाद शुरू होता है और मासिक धर्म आने पर खत्म होता है। यह आमतौर पर 12 से 14 दिनों तक रहता है। इस दौरान शरीर गर्भावस्था के लिए अनुकूल माहौल बनाता है, जिससे भ्रूण गर्भाशय में ठीक तरह से जुड़ सके। डॉ. देवयानी मुखर्जी, प्रजनन एंडोक्रिनोलॉजिस्ट, बिड़ला फर्टिलिटी और IVF, दिल्ली, बताती हैं, “यह चरण ल्यूटिनाइजिंग हार्मोन में वृद्धि से शुरू होता है, इसके बाद ओव्यूलेशन होता है और फिर प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का स्तर बढ़ता है।”
ल्यूटियल चरण के दौरान हार्मोनल विकास
ओव्यूलेशन के बाद, अंडाशय में खाली हुआ फॉलिकल कॉर्पस ल्यूटियम में बदल जाता है, जो एक अस्थायी ग्रंथि होती है। यह ग्रंथि प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का उत्पादन करती है, जो ल्यूटियल चरण का मुख्य हार्मोन है। प्रोजेस्टेरोन गर्भाशय की परत (एंडोमेट्रियम) को मोटा बनाता है ताकि भ्रूण आसानी से जुड़ सके। इस दौरान एस्ट्रोजन का स्तर भी बढ़ता है, लेकिन प्रोजेस्टेरोन जितना नहीं। अगर गर्भधारण नहीं होता है, तो कॉर्पस ल्यूटियम टूट जाता है, जिससे प्रोजेस्टेरोन और एस्ट्रोजन का स्तर कम हो जाता है। इसके परिणामस्वरूप मासिक धर्म शुरू हो जाता है।
सामान्य लक्षण और शारीरिक परिवर्तन
ल्यूटियल चरण के दौरान हार्मोनल बदलावों के कारण शारीरिक और भावनात्मक लक्षण हो सकते हैं, जिन्हें प्रीमेंस्ट्रुअल सिंड्रोम (PMS) कहा जाता है। कुछ सामान्य लक्षण इस प्रकार हैं:
- मनोदशा में बदलाव (Mood swings): चिड़चिड़ापन, चिंता और अवसाद।
- शारीरिक लक्षण: सूजन, स्तनों में कोमलता (breast tenderness), सिरदर्द और थकान।
- भूख में बदलावः कुछ खाद्य पदार्थों, आमतौर पर उच्च कैलोरी या मीठे खाद्य पदार्थों के लिए भूख और लालसा बढ़ जाती है।
ये लक्षण आमतौर पर मासिक धर्म की शुरुआत के साथ कम हो जाते हैं।
ल्यूटियल चरण और यह गर्भावस्था तथा फर्टिलिटी से कैसे संबंधित है?
एक स्वस्थ ल्यूटियल चरण गर्भधारण के लिए महत्वपूर्ण होता है। सही मात्रा में प्रोजेस्टेरोन हार्मोन गर्भाशय को इस तरह तैयार करता है कि वह निषेचित अंडे (fertilised egg) को सहारा दे सके। अगर ल्यूटियल चरण बहुत छोटा (10 दिनों से कम) हो या शरीर पर्याप्त प्रोजेस्टेरोन न बना पाए, तो इसे ल्यूटियल फेज दोष (Luteal Phase Defect) कहा जाता है। इससे भ्रूण का ठीक से जुड़ना मुश्किल हो सकता है और गर्भपात (miscarriage) का खतरा भी बढ़ सकता है। डॉ. मुखर्जी बताती हैं, “ल्यूटियल चरण में प्रोजेस्टेरोन का स्तर कम होने से गर्भधारण में कठिनाई हो सकती है या शुरुआती गर्भपात का खतरा बढ़ सकता है।” इस चरण की निगरानी करने से फर्टिलिटी (fertility) के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है और संभावित समस्या का पता लगाया जा सकता है।
एक स्वस्थ ल्यूटियल चरण कैसे करेंः जीवन शैली और आहार के सुझाव
ल्यूटियल चरण का ध्यान रखने का अर्थ ऐसी स्वस्थ आहार और जीवनशैली अपनाना जो हार्मोनल संतुलन और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाए:

पोषण संतुलनः गरिमा देव वर्मा, आहार विशेषज्ञ (Dietitian) और प्रमाणित डायबिटिक एजुकेटर (Certified Diabetic Educator), MSc फूड एंड न्यूट्रिशन, दिल्ली बताती हैं “प्रोजेस्टेरोन के उत्पादन और PMS के लक्षणों को कम करने में सहायता के लिए उच्च मात्रा में मैग्नीशियम (पत्तेदार सब्जियां, नट्स और बीज), विटामिन बी6 (मुर्गी, मछली), कैल्शियम (डेयरी खाद्य पदार्थ, फोर्टिफाइड प्लांट मिल्क) और स्वस्थ वसा (जैतून का तेल) वाले खाद्य पदार्थ खाएं।”
- नियमित कसरत: तनाव से निपटने और मनोदशा को बेहतर करने के लिए मध्यम शारीरिक कसरत करें। इस अवस्था में हल्का कार्डियो और योग सहायक हो सकते हैं।
- तनाव प्रबंधनः तनाव का प्रबंधन करने के लिए ध्यान, गहरी श्वास लेने वाले व्यायाम या माइंडफुलनेस जैसे विश्राम तकनीक का प्रयोग करें, जो हार्मोनल संतुलन पर हानिकारक प्रभाव डाल सकते हैं।
- पर्याप्त नींदः सामान्य हार्मोनल विनियमन को सुविधाजनक बनाने और ल्यूटियल चरण में होने वाली थकान को कम करने के लिए गुणवत्तापूर्ण नींद लें।
निष्कर्ष
ल्यूटियल चरण के बारे में जानकर और आहार तथा जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करके, लोग अपने प्रजनन स्वास्थ्य (reproductive well-being) में सुधार कर सकते हैं और मासिक धर्म चक्र के इस चरण से संबंधित समस्याओं को कम कर सकते हैं।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

