मसूड़ों की सूजन या मसूड़ों से खून आना एक चिंताजनक विषय हो सकता है। अगर किसी व्यक्ति को मसूड़े की सूजन है, तो उसके मन में यह प्रश्न आ सकता है कि क्या इस स्थिति में ब्रश करना सुरक्षित है अथवा नहीं। इस लेख में हमने इस प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास किया है।
मसूड़े की सूजन (gingivitis) में ब्रश कैसे करें?

डॉ. सौम्या सलूजा, पीरियोडॉन्टल सर्जन (BDS, MDS) बताती हैं, “जब मसूड़े दर्द करते हैं तब ब्रश करना बंद करने का मन होता है। लेकिन ब्रश न करने से प्लाक बढ़ सकता है और यह समस्या बदतर हो सकती है। अगर ब्रश करने से दर्द होता है, तो गुनगुने नमक पानी से कुल्ला करें ताकि मसूड़े को आराम मिले। हालांकि, कुछ लोग उंगली से ब्रश करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इससे दांत सही तरीके से साफ नहीं होते हैं।”
ब्रश करने का सही तरीका ताकि दांत साफ हों और मसूड़े सुरक्षित रहें:
- नरम ब्रश का प्रयोग करें: सख्त ब्रिसल्स मसूड़ों को चोट पहुँचा सकते हैं। नरम ब्रश धीरे-धीरे साफ करता है।
- ब्रश को 45 डिग्री के कोण पर रखें: ब्रिसल्स को मसूड़ों की लाइन की तरफ झुकाएं और छोटे गोल घुमाव में साफ करें।
- हल्का दबाव दें: जोर से न रगड़ें।
- दिन में दो बार, कम से कम 2 मिनट ब्रश करें: विशेषकर सोने से पहले।
- ब्रश बदलें: हर 2-3 महीने में या जब ब्रिसल्स फैलने लगें, तब ब्रश बदलें।
ब्रश करते समय मसूड़ों से खून आने पर क्या करना चाहिए?
ब्रश करते समय मसूड़ों से खून आना डराने वाला अनुभव हो सकता है, लेकिन मसूड़े की सूजन में हल्का खून आना सामान्य है और सही तरीके से ब्रश करने से यह बेहतर हो जाता है। इस स्थिति में निम्नलिखित काम करने चाहिए:
- ब्रश करना बंद न करें: ब्रश करना बंद करने से प्लाक बढ़ सकता है और मसूड़ों से खून आना भी जारी रह सकता है।
- सूजे हुए मसूड़ों के आस-पास धीरे-धीरे ब्रश करें: तेज रगड़ने की बजाय छोटे, नरम गोल घुमाव में साफ करें।
- फ्लोराइड से भरपूर टूथपेस्ट का प्रयोग करें: यह दांतों को मजबूत बनाता है और मसूड़ों की समस्या को दूर कर सकता है।
- दांतों के बीच फ्लॉस या छोटे ब्रश का प्रयोग करें: प्लाक उन जगहों पर छिपता है जहाँ सामान्य ब्रश पहुँच नहीं पाता है।
- नमक के पानी या विशिष्ट माउथवॉश से कुल्ला करें: ये मसूड़ों को शांत करते हैं। अध्ययन से पता चलता है कि टी ट्री ऑयल और एलोवेरा भी मसूड़ों के स्वास्थ्य को सुधारने में मदद कर सकते हैं।
अगर अधिक मात्रा में खून आता है, दर्द होता है या यह समस्या एक हफ्ते से अधिक समय तक बनी रहती है तो दांतों के डॉक्टर के पास जाना चाहिए। इस स्थिति में मसूड़ों की सफाई करनी पड़ सकती है।
दंत चिकित्सक (Dentist) के पास कब जाना चाहिए?
हालांकि, घर पर देखभाल करना बहुत मदद करता है, लेकिन निम्नलिखित स्थितियों में दांतों के डॉक्टर के पास जाने की भी आवश्यकता पड़ सकती है:
- सही तरीके से ब्रश करने के बाद भी 1-2 हफ्ते तक मसूड़े सूजे या लाल रहना।
- मुंह की दुर्गंध, मवाद (पस) या दांत हिलने जैसी समस्या होना।
- दर्द होना या ब्रश करने में परेशानी होना।
- रोजाना देखभाल करने के बाद भी मसूडें की सूजन का बार-बार होना।
डॉक्टर कभी-कभी गहरी सफाई (स्केलिंग), दवाओं वाले कुल्ले या अन्य विकल्प सुझा सकते हैं। वे यह भी जांच सकते हैं कि किसी व्यक्ति को मधुमेह या विटामिन की कमी तो नहीं क्योंकि ये मसूड़ों रोगों का कारण बन सकते हैं।
भारत में अधिकांश लोग हर्बल या आयुर्वेदिक टूथपेस्ट का प्रयोग करते हैं। हालांकि, ये आरामदायक हो सकते हैं, लेकिन हमेशा ध्यान रखें कि टूथपेस्ट में फ्लोराइड हो क्योंकि यह दांतों को लंबे समय तक सुरक्षित रखते हैं।
मसूड़े की सूजन के दौरान दांत ब्रश करना सुरक्षित और जरूरी है। ब्रश करना छोड़ने से यह समस्या बढ़ जाती है। सबसे जरूरी है कि धीरे-धीरे ब्रश करें, सही उपकरण का प्रयोग करें और अगर मसूड़े ठीक नहीं हो रहे तो दांतों के डॉक्टर के पास जाएं।
शुरुआत में मसूड़े से खून आ सकता है, लेकिन सही देखभाल से ये ठीक भी हो जाता है। ब्रशिंग के सही तरीके को समझना आवश्यक है ताकि यह समस्या गंभीर रूप न ले।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

