नींबू का प्रयोग सभी घरों में किया जाता है और लोग इसका प्रयोग विभिन्न रूपों (उदाहरण के लिए नींबू की चाय और नींबू पानी) में करते हैं। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इससे संबंधित मिथक देखने को मिलते हैं, जिस पर लोग आसानी से विश्वास करते हैं। चूंकि इन मिथकों पर विश्वास करना समग्र स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है इसलिए इनकी वास्तविकता का पता होना आवश्यक है।
मिथक 1ः खाली पेट नींबू पानी पीने से वजन कम होता है
वास्तविकताः कई बार देखा गया है कि लोग सुबह उठकर नींबू पानी पीना पसंद करते हैं, जो कहीं ना कहीं स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हो सकता है।

डॉ. स्वाति दवे, PhD खाद्य और पोषण विशेषज्ञ बताती हैं, “नींबू पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और पाचन में मदद मिलती है लेकिन यह वजन घटाने का सही तरीका नहीं है। लोग अक्सर सोचते हैं कि इससे आराम मिल सकता है लेकिन वजन कम करने के लिए स्वस्थ भोजन और जीवनशैली का पालन करना महत्वपूर्ण है। हालांकि नींबू पानी सेहत के लिए लाभकारी है लेकिन केवल इसे पीने से वजन कम नहीं होता है। इसके बजाय नींबू पानी सुबह के भोजन के साथ या दोपहर के भोजन के बाद पी सकते हैं। इसमें चीनी या शहद ना मिलाएं। इसे सामान्य पानी में मिलाना चाहिए। उबलते पानी में नींबू ना मिलाएं क्योंकि गर्मी से विटामिन सी नष्ट हो सकता है।”
मिथक 2ः नींबू पानी दांत दर्द से राहत दिलाता है
वास्तविकताः दांतों के दर्द होने की स्थिति में लोग दंत चिकित्सक के पास जाने के बजाय घरेलू नुस्खों को अपनाते हैं। इनमें नींबू भी शामिल है।

डॉ. संजीव भांखुर, BDS, MPH, AIIMS, नई दिल्ली बताते हैं, “नींबू पानी पीना आरामदायक लग सकता है लेकिन यह दांत दर्द के लिए सही उपाय नहीं है। इसकी अम्लता दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे दांत और ज्यादा संवेदनशील हो सकते हैं और दर्द बढ़ सकता है। इस स्थिति में गर्म नमक पानी से कुल्ला करें, लौंग के तेल का प्रयोग करें या दर्द निवारक दवाएं लें। इसके अलावा दांत दर्द के मूल कारण का पता लगाने के लिए दंत चिकित्सक से सलाह लें।”
मिथक 3ः नाक में नींबू डालने से साइनसाइटिस ठीक होता है
वास्तविकताः जैसे-जैसे साइनस के मामले बढ़ रहे हैं वैसे-वैसे इससे संबंधित दावे भी सोशल मीडिया में देखने को मिल रहे हैं। लोग इनसे गुमराह हो जाते हैं और अपनी सेहत को बिगाड़ लेते हैं।

डॉ. प्रियजीत पाणिग्रही, ENT विशेषज्ञ बताते हैं, “नाक में नींबू डालने से साइनसाइटिस ठीक नहीं होता है। साइनसाइटिस पैरानासल साइनस की सूजन है, जिससे म्यूकस गाढ़ा हो जाता है और प्राकृतिक जल निकासी रुक जाती है। इससे द्रव ठहर जाता है और बैक्टीरिया या फंगल संक्रमण हो सकता है। इसके विभिन्न कारक हो सकते हैं, जैसे- Deviated septum (नाक की हड्डी का टेढ़ा होना) या कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली। हालांकि खट्टे फल प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं लेकिन इन्हें नाक में लगाने या डालने से कोई लाभ नहीं होता है।”
मिथक 4ः गरम नींबू पानी कैंसर का इलाज है

वास्तविकताः कैंसर आज एक जानलेवा बीमारी बन गई है, जिसकी सही समय पर जांच होना बेहद जरूरी है ताकि मरीज की जान बचाई जा सके। नींबू और कैंसर से संबंधित मिथक पर डॉ. मनीष सिंघल, वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट, अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली बताते हैं “नींबू पानी पीना विटामिन सी का अच्छा स्रोत है और शरीर को हाइड्रेटेड रखता है। यह शरीर से विषाक्त पदार्थ निकालने में मदद करता है, जिससे लोग बेहतर महसूस करते हैं लेकिन नींबू पानी कैंसर का इलाज नहीं कर सकता है।”
मिथक 5ः नींबू का रस मुंहासे के लिए एक बेहतरीन घरेलू उपाय है
वास्तविकताः चेहरे या शरीर के किसी हिस्से पर मुंहासों का होना आत्मविश्वास को कम कर सकता है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर काफी सारे भ्रामक दावे देखने को मिलते हैं, जो लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

डॉ. सोनाली कोहली, त्वचा विशेषज्ञ सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल बताती हैं, “नींबू विटामिन सी का अच्छा स्रोत है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो त्वचा के लिए फायदेमंद हैं लेकिन चेहरे पर इस्तेमाल होने वाले विटामिन सी सीरम खास तरीके से बनाए जाते हैं, जो त्वचा का pH संतुलित रखते हैं।
उन्होंने आगे बताया “नींबू का रस बहुत ज्यादा अम्लीय होता है। हम जो विटामिन सी सीरम इस्तेमाल करते हैं, उसमें साइट्रिक एसिड नहीं बल्कि एस्कॉर्बिक एसिड का स्थिर और सुरक्षित रूप होता है। यह त्वचा के लिए लाभदायक होता है। अगर कोई व्यक्ति सीधे नींबू का रस चेहरे पर लगाता है, तो इससे त्वचा का pH बिगड़ सकता है। ऐसे में सूरज की रोशनी में जाने से Phytophotodermatitis (त्वचा संबंधी प्रतिक्रिया) हो सकती है।”
निष्कर्ष
नींबू एक घरेलू फल है, जो अनेक घरों में मौजूद रहता है लेकिन इसका सही इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है ताकि ये सेहत पर नकारात्मक असर ना डाले।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at factcheck@thip.in. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.


