आज के समय में बच्चों को पालना आसान नहीं है। स्कूल, गैजेट्स, दोस्तों का दबाव और खाने में छिपे खतरे—इन सबके बीच माता-पिता अक्सर भटकाव महसूस करते हैं। इनमें बच्चों में चीनी की लत भी शामिल है। कई विशेषज्ञ अब इस की तुलना धूम्रपान से कर रहे हैं। लेकिन क्या यह तुलना सही है? और क्या आपको चिंतित होना चाहिए? आइए, इसे सहानुभूति और सरलता से समझें ताकि आप अपने बच्चे के स्वास्थ्य की रक्षा कर सकें।
बच्चों में चीनी की लत धूम्रपान से कैसे मिलती-जुलती है?

गरिमा देव वर्मा, आहार विशेषज्ञ (Dietitian) और प्रमाणित डायबिटिक एजुकेटर (Certified Diabetic Educator), MSc फूड एंड न्यूट्रिशन, बताती हैं, “यह सुनने में अटपटा लग सकता है, लेकिन विज्ञान इस तुलना का समर्थन करता है। चीनी और धूम्रपान दोनों ही मस्तिष्क के ‘रिवॉर्ड सिस्टम’ को सक्रिय करते हैं। इसका अर्थ है कि जब आपका बच्चा चॉकलेट या मीठा पेय पीता है, तब उसका मस्तिष्क डोपामाइन नामक एक रसायन छोड़ता है, जो खुशी का अहसास देता है। समय के साथ, मस्तिष्क बार-बार उस अहसास को चाहता है। इससे ज्यादा खाने की इच्छा होती है, लोग इसके आदत पड़ जाते हैं और जब बंद करते हैं तो बुरा महसूस होता है— धूम्रपान की तरह।”
गरिमा आगे बताती हैं, “अध्ययनों से पता चलता है कि चीनी मस्तिष्क को उसी तरह सक्रिय कर सकती है जैसे निकोटीन। यही कारण है कि बच्चों को मिठाई से इनकार करना इतना मुश्किल लगता है। और धूम्रपान की तरह, चीनी के लंबे समय तक प्रभाव तुरंत नहीं दिखते, लेकिन वे चुपके से बढ़ते जाते हैं।”
इसलिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ दुनिया भर में ‘बच्चों में चीनी की लत’ के बारे में ज्यादा बात कर रहे हैं। ये सिर्फ मस्तिष्क की प्रतिक्रिया तक सीमित नहीं है। चीनी और धूम्रपान दोनों को बच्चों और किशोरों तक पहुंचाने के लिए आकर्षक पैकेजिंग, मशहूर हस्तियों और विज्ञापनों का इस्तेमाल किया जाता है।
बच्चों में चीनी की लत के लंबे समय तक प्रभाव क्या हैं?
यह सिर्फ दाँतों की सड़न या वजन बढ़ने की बात नहीं है। चीनी की लत के प्रभाव उससे कहीं गहरे हैं। लंबे समय में, ज्यादा चीनी से संबंधी जोखिम निम्नलखित हैं:
- बच्चों में मोटापा और टाइप 2 मधुमेह, फैटी लिवर जैसी चीनी संबंधी बीमारियाँ
- स्कूल में ध्यान और याददाश्त की कमी
- चिड़चिड़ापन, चिंता और मूड में उतार-चढ़ाव
- नींद की समस्याएँ
- कम उम्र में ही हार्मोनल असंतुलन
- बाद में जीवन में, विशेषकर नियमित सेवन से, स्तंभन दोष जैसी समस्याएँ
नए शोध से पता चलता है कि ज्यादा चीनी खाने से किशोरों की भावनात्मक स्वस्थ्य भी प्रभावित होती है। जैसे धूम्रपान फेफड़ों को नुकसान पहुंचाता है, वैसे ही चीनी पेट, मस्तिष्क, ह्रदय और प्रतिरक्षा तंत्र को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाती है।
और सबसे महत्वपूर्ण? चीनी उन चीजों में भी होती है जो हेल्दी लगती हैं—जैसे पैकेज्ड जूस, फ्लेवर्ड योगर्ट, केचप और सीरियल। कई भारतीय माता-पिता नहीं जानते हैं कि उनके बच्चे रोज़ाना सुरक्षित सीमा से बहुत ज्यादा चीनी खा रहे हैं।
इसलिए बच्चों में चीनी की लत रोकना सिर्फ मिठाई कम करना नहीं है, बल्कि धीरे-धीरे आदतें बदलना ज़रूरी है।
भारतीय माता-पिता बच्चों की चीनी की लत तोड़ने के लिए क्या कर सकते हैं?
आपको चीनी को पूरी तरह से बंद करने की ज़रूरत नहीं है—इससे बच्चे और ज्यादा लालच कर सकते हैं। इसके बजाय, धीरे-धीरे ये कदम उठाएं:
- मीठे स्नैक्स की जगह फल, नट्स या घर के बने हेल्दी चीज़े दें। बच्चों को समझाएं कि वो ध्यान से और भूख लगने पर ही खाएं।
- चीनी वाली चीजें बच्चों की पहुंच या नज़र से दूर रखें।
- सॉफ्ट ड्रिंक और मीठे एनर्जी ड्रिंक से बचें।
- खाने की पैकेजिंग पर छुपी चीनी जैसे ग्लूकोज, फ्रुक्टोज़ और कॉर्न सिरप को ध्यान से पढ़ें।
- बच्चे को प्यार से चीनी के बारे में समझाएं, डराएं या डांटें नहीं।
- खुद भी चीनी कम खाने की आदत बनाएं।
- बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करें, विशेषकर यूट्यूब या रील्स पर आने वाले खाने के विज्ञापनों से बचाएं।
कई माता-पिता पूछते हैं कि क्या चीनी निकोटिन से ज्यादा लत लगाती है? हालांकि, दोनों अलग तरीके से काम करते हैं, लेकिन बच्चों के लिए चीनी छोड़ना भी उतना ही मुश्किल हो सकता है। इसलिए जागरूकता और सहयोग बहुत ज़रूरी है। ज़रूरत पड़े तो न्यूट्रिशनिस्ट या चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट की मदद लें।
चीनी को धूम्रपान की तरह सोचें—आप अपने बच्चे को सिगरेट नहीं देंगे, तो चीनी को भी सीमित रखना समझदारी है। जल्दी शुरुआत करने से बचपन के मोटापा और चीनी संबंधी बीमारियों से बचा जा सकता है और बच्चे की सेहत हमेशा बनी रहती है।
यह बदलाव धीरे-धीरे होगा, लेकिन हर छोटा कदम मायने रखता है। और आप अकेले नहीं हैं!
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

