अगर कोई महिला IVF शुरू करने वाली है, तो उसके मन में यह सवाल आ सकता है कि क्या IVF में दर्द होता है? यह एक स्वभाविक प्रश्न है, विशेषकर जब कोई महिला पहले ही बहुत कुछ झेल चुकी है। इस लेख में हमने इस विषय पर विस्तार से चर्चा की है।
क्या IVF प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में दर्द होता है?

डॉ. रुद्री अग्रवाल, फर्टिलिटी विशेषज्ञ और परामर्शदाता प्रसूति रोग विशेषज्ञ (Consultant Obstetrician & Gynaecologist), बताती हैं “आजकल IVF की नवीन तकनीकों और दवाइयों की सहायता से, IVF को अब ज़्यादा दर्दनाक नहीं माना जाता है। हालांकि, कुछ मरीजों को रोज़ाना दिए जाने वाले इंजेक्शनों की डोज़िंग के कारण हल्की असहजता महसूस हो सकती है, लेकिन वह भी अब लगभग दर्दरहित होती है।” डॉ. अग्रवाल IVF के विभिन्न चरणों और उनका मरीजों पर प्रभाव इस तरह बताती हैं:
- इंजेक्शन: रिकॉम्बिनेंट तकनीक में हुई प्रगति के कारण फर्टिलिटी दवाइयों के इंजेक्शन अब बहुत कम असहजता पैदा करते हैं। ये दवाएँ आमतौर पर छोटी सुई से त्वचा के ठीक नीचे (सबक्यूटेनियस) दी जाती हैं, जिससे दर्द बहुत कम होता है। आधुनिक प्रोटोकॉल ने इंजेक्शनों की संख्या और स्टिम्युलेशन के दौरान IVF केंद्रों के चक्कर भी कम कर दिए हैं, जिससे इससे पहले की तुलना में अधिक मरीज-अनुकूल हो गया है।
- एग रिट्रीवल : यह प्रक्रिया आमतौर पर सेडेशन या एनेस्थीसिया के तहत की जाती है ताकि मरीज को किसी तरह का दर्द महसूस न हो। इस प्रक्रिया के बाद हल्का दर्द, खिंचाव या थोड़ा सा स्पॉटिंग हो सकता है।
- एंब्रियो ट्रांसफर: यह आमतौर पर तेज़ और लगभग दर्दरहित प्रक्रिया है। बहुत कम मामलों में कुछ महिलाओं को हल्की असहजता महसूस हो सकती है।
क्या IVF भावनात्मक रूप से दर्दनाक होता है और इससे कैसे निपटा जा सकता है?

डॉ. मधु वामसी, MBBS, MD (मनोचिकित्सा), सलाहकार मनोचिकित्सक, हैदराबाद, तेलंगाना बताते हैं “जब कोई व्यक्ति पूछता है कि क्या IVF दर्दनाक है, तब वह अक्सर उसके भावनात्मक पहलू को भूल जाता है। यह उम्मीद से भरी एक यात्रा है, लेकिन इसके साथ चिंता, तनाव और डर भी आ सकते हैं। शोध के अनुसार, इनफर्टिलिटी से जूझ रही लगभग 21–52% महिलाओं में अवसाद देखने को मिलता है। लोगों यह चिंता हो सकती है कि इलाज सफल होगा या नहीं, परिवार या समाज का दबाव महसूस हो सकता है या इंतज़ार से थकान और निराशा हो सकती है। यह सारी भावनात्मक तकलीफ़ बिल्कुल वास्तविक है।”
- किसी से बात करें: कोई दोस्त, काउंसलर या सपोर्ट ग्रुप सहायक हो सकता है।
- अपने प्रति दयालु बनें: ब्रेक लें, आराम करें और खुद को दोष न दें।
- अपना पसंदीदा काम करे: संगीत सुनना, टहलना या कोई शौक अपनाना मन को शांति दे सकता है।
IVF जितनी एक मेडिकल प्रक्रिया है, उतनी ही भावनात्मक यात्रा भी है। इसलिए, “क्या IVF दर्दनाक है?” इस प्रश्न का संक्षिप्त उत्तर हाँ हो सकता है — लेकिन हमेशा वैसे नहीं जैसा लोग सोचते हैं।
IVF उपचार के बाद दर्द हो तो क्या करना चाहिए?
IVF के बाद कुछ महिलाओं को हल्की असहजता महसूस हो सकती है, जैसे पाचन संबंधी समस्याएँ, पेट में दर्द या IVF के बाद पीठ दर्द। यह सामान्य है और अक्सर अपने आप ठीक हो जाता है।
- हल्का क्रैम्पिंग या सूजन: एग रिट्रीवल या एंब्रियो ट्रांसफर के बाद ऐसा होना सामान्य है। आराम करना, पानी पीना और हल्की-फुल्की गतिविधि करना इसमें मदद करता है।
- पीठ दर्द: IVF के बाद पीठ में दर्द इंजेक्शनों या हार्मोनल बदलावों की वजह से हो सकता है। हल्का स्ट्रेचिंग और गर्म सिकाई से राहत मिल सकती है।
- तेज़ दर्द या अधिक रक्तस्राव: यह सामान्य नहीं है। तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें।
IVF में कुछ चरणों में हल्का शारीरिक या भावनात्मक असहजता हो सकती है, लेकिन आधुनिक तकनीकों और सही मार्गदर्शन से यह लगभग दर्दरहित होता है। सबसे जरूरी बात यह है कि इस स्थिति में डॉक्टर, परिवार या सपोर्ट ग्रुप सहायक हो सकते हैं। यह एक चुनौतीपूर्ण लेकिन उम्मीद भरी यात्रा है और सही देखभाल के साथ इसे आसानी से पार किया जा सकता है।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

