किसी भी महिला के लिए मासिक धर्म मुश्किल भरा हो सकते हैं। इसकी वजह से पेट दर्द, मूड स्विंग्स और लगातार असहज महसूस करने जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिसका सीधा असर व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन (Professional Life) पर पड़ सकता है। हालांकि, इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं होती है लेकिन इस दौरान देखभाल करना अत्यंत आवश्यक होता है। इस लेख में हमने उन तरीकों की जानकारी दी है, जो मासिक धर्म को प्रबंधित करने में सहायक हो सकते हैं।
मासिक धर्म के दौरान घर पर क्या करें जिससे बेहतर महसूस किया जा सके?

डॉ. सुकृति शर्मा, IVF विशेषज्ञ, सेंट्रल हॉस्पिटल और सेंटाना IVF सेंटर, जालंधर, पंजाब बताती हैं, “मासिक धर्म के दौरान पेट में दर्द (जिसे डिसमेनोरिया कहा जाता है) होना स्वभाविक है। अधिकांश महिलाओं को मासिक धर्म से पहले या इसके दौरान दर्द होता है। लेकिन अगर दर्द बहुत ज्यादा हो या साथ में कोई और समस्या जैसे फाइब्रॉइड्स, एंडोमेट्रिओसिस या सिस्ट हो, तो डॉक्टर से मिलना ज़रूरी है।” घर पर रहते हुए महिला खुद का ख्याल रख सकती हैं। ये कुछ आसान तरीके हैं जो उन्हें बेहतर महसूस करने में मदद कर सकते हैं:
- गर्माहट का प्रयोग करें: पेट पर गर्म पानी की बोतल या गर्म तौलिया रखने से दर्द में राहत मिलती है। ये एक आसान और प्राकृतिक तरीका है।
- पानी पिएं और हल्का भोजन करें: गर्म सूप, हर्बल चाय (जैसे अदरक या तुलसी वाली चाय) और हल्का भोजन पेट फूलने की समस्या को कम करते हैं। बहुत तला-भुना या तीखा भोजन करने से बचें, ये समस्या बढ़ा सकता है।
- हल्की-फुल्की गतिविधि करें: बिस्तर पर लेटे रहना अच्छा लग सकता है, लेकिन हल्के स्ट्रेच या धीमी चाल से टहलना खून का बहाव बेहतर करता है और दर्द कम करता है।
- आराम करें: मासिक धर्म के दौरान शरीर ज्यादा मेहनत करता है। इसलिए झपकी लेना, घर के काम थोड़े कम करना और दूसरों की मदद लेना भी ज़रूरी है।
- शांत माहौल बनाएं: कमरे की लाइट हल्की करें, धीमा संगीत सुनें या शांति से बैठें। ये छोटे-छोटे बदलाव करना लाभकारी हो सकता है।
घर पर खुद की देखभाल करने के लिए उपरोक्त उपायों को अपनाया जा सकता है। इससे आराम मिल सकता है।
ऑफिस में मासिक धर्म के दौरान खुद का ध्यान कैसे रखें?
ऑफिस में मासिक धर्म का प्रबंधन करना तनावपूर्ण हो सकता है क्योंकि लोग सोचते हैं कि लोग क्या कहेंगे। लेकिन कुछ आसान उपाय इसे आसान बना सकते हैं:

- जरूरी सामान साथ रखें: पैड, टैम्पोन या मेन्स्ट्रुअल कप हमेशा एक छोटी पाउच में रखें। अगर दर्द ज़्यादा हो तो डॉक्टर की दी दवाई भी साथ रखें।
- छोटे ब्रेक लें: हर कुछ घंटे में थोड़ा खड़े हों, स्ट्रेच करें या थोड़ी देर चलें ताकि आराम मिले।
- आरामदायक कपड़े पहनें: सूती और ढीले कपड़े पहनें ताकि हवा लगती रहे और जलन ना हो।
- सफाई का ध्यान रखें: कई दफ्तरों में डिस्पोजल की सुविधा कम होती है, इसलिए प्रयोग किए गए सामान को छोटे डिस्पोजेबल बैग में रखें।
- हल्की कसरत करें: उर्वशी त्यागी, योग प्रशिक्षक, फोर्टिस हेल्थकेयर बताती हैं ” योग के आसान स्ट्रेच करें – बद्ध कोणासन, अर्ध मत्स्येन्द्रासन और पश्चिमोत्तानासन – ये आसन मांसपेशियों को आराम करने में मदद करते हैं और ऐठेंन को कम करते हैं।”
मासिक धर्म एक सामान्य चीज़ है, इसे छुपाने की आवश्यकता नहीं है। अगर आप ठीक महसूस नहीं कर रही हैं, तो किसी भरोसेमंद सहकर्मी या HR से बात करना ठीक है। इससे मदद मिल सकती है।
क्या घर और ऑफिस में मासिक धर्म के दर्द से राहत के लिए किफायती और प्राकृतिक तरीके हैं?
हाँ, मासिक धर्म के समय राहत पाने के लिए ज़्यादा पैसे खर्च करने की आवश्यकता नहीं है। ये कुछ आसान तरीके हैं:
- गर्म पेय पदार्थ जैसे अदरक की चाय, हल्दी वाला दूध या गरम पानी शरीर को आराम देता है और दर्द कम करता है।
- गहरी साँसें लेना या थोड़ी देर का ध्यान तनाव को कम करता है और दर्द से राहत दिलाता है।
- सस्ते सैनिटरी विकल्प जैसे कॉटन पैड, धोने वाले कपड़े के पैड या मेंस्ट्रुअल कप आरामदायक होते हैं और लंबे समय में पैसे बचाते हैं।
ये सिर्फ उपाय नहीं हैं — ये ऊर्जा, भावनाओं और दर्द को संभालने में भी मदद करते हैं। थोड़ी सी तैयारी से मासिक धर्म को प्रबंधित किया जा सकता है।
मासिक धर्म एक प्राकृतिक चीज़ हैं, लेकिन इसमें दर्द और थकान कभी-कभी बहुत ज्यादा हो सकते हैं। अगर आप खुद का सही ध्यान रखें, तो एठेंन कम हो सकती है और आप बेहतर महसूस कर सकती हैं। छोटे-छोटे बदलाव जैसे गर्म चीज़ें पीना, भरपूर पानी पीना, हल्की स्ट्रेचिंग और थोड़ा आराम करना लाभकारी हो सकते हैं।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

