बेटियों के पहले मासिक धर्म को मेनार्क (menarche) कहा जाता है, जिसे उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जाता है। चूंकि, यह उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव होता है इसलिए वे इससे परेशान हो सकती हैं। अत: माता-पिता इसमें एक अहम भूमिका निभा सकते हैं और उन्हें मासिक धर्म के लिए मानसिक रूप से तैयार कर सकते हैं। इस लेख में हमने इस विषय पर विस्तार से चर्चा की है।
पहले मासिक धर्म के संकेत क्या हैं?
हर बच्चे का शरीर अलग-अलग गति से विकसित होता है, लेकिन पहले मासिक धर्म के कुछ संकेत हो सकते हैं। मासिक धर्म आमतौर पर 9-15 वर्ष के बीच आते हैं। इसके संकेतों को पहचानकर, माता-पिता मासिक धर्म पर कम उम्र में चर्चा कर सकते हैं। पहले मासिक धर्म के निम्नलिखित संकेत हो सकते हैं:
- स्तन का विकास: यह आमतौर पर पहले मासिक धर्म से कुछ साल पहले शुरू होता है जिसे किशोरावस्था के शुरुआती संकेतों में से एक माना जाता है।
- लंबाई का बढ़ना: शरीर की लंबाई और संरचना में परिवर्तन आमतौर पर पहले मासिक धर्म से पहले होते हैं।
- बालों का बढ़ना: पहले मासिक धर्म शुरू होने से पहले गुप्तांग के बाल और अंडरआर्म के बाल बढ़ते हैं।
- योनि रस्राव (Vaginal Discharge): अंडरवियर में सफेद या साफ रस्राव मासिक धर्म का संकेत हो सकता है।
- मनोदशा में परिवर्तन (Mood Swings) या ऐंठन: कुछ बच्चों को हल्के ऐंठन या मनोदशा में परिवर्तन महसूस हो सकता है क्योंकि हार्मोनल बदलाव शुरू होते हैं।
अपनी बेटी के लिए पीरियड किट कैसे तैयार करें?
एक अच्छा सुसज्जित पीरियड किट तैयार रखने से आपकी बेटी पहले मासिक धर्म के लिए तैयार रह सकती है। अत: अपनी बेटी को स्कूल बैग में एक किट रखने की सलाह दें ताकि वह मासिक धर्म के लिए हमेशा तैयार रह सके। इस स्थिति में निम्नलिखित कदम उठाए जा सकते हैं:
- सैनिटरी उत्पाद: पैड्स, पैंटी लाइनर्स और टैम्पोन या मेन्स्ट्रुअल कप्स को शामिल करें ताकि वे इनका प्रयोग सही तरीके से कर सकें।
- अतिरिक्त अंडरवियर: चूंकि, मासिक धर्म किसी भी समय आ सकते हैं इसलिए अपने साथ अतिरिक्त अंडरवियर रखना लाभकारी हो सकता है।
- वाइप्स या टिशूज: इनका प्रयोग सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए किया जा सकता है।
- दर्द निवारक: एक छोटे पैक में पेनकिलर्स (माता-पिता की निगरानी में) या एक हीटिंग पैड से ऐंठन से आराम मिल सकता है।
- एक छोटा पाउच: एक छोटे पाउच में वे अपने (उपयोग किए हुए) सामान को रख सकती हैं।
बातचीत को सहज कैसे बनाएं?

डॉ. शशांक जैन, MBBS, MD (पीडियाट्रिक्स) बताते हैं, “मासिक धर्म के बारे में सामान्य और उत्साहजनक तरीके से बात करें। शरीर में होने वाले बदलावों के बारे में पहले ही बात करना लाभकारी हो सकता है। मासिक धर्म को इस तरह से समझाएं ताकि वह इस प्रक्रिया को समझ सकें।”
डॉ. जैन बताते हैं, “अपनी बेटी को बताएं कि मासिक धर्म जीवन का एक सामान्य हिस्सा हैं जिस पर शर्मिंदा या घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसके अतिरिक्त उन्हें प्रश्न करने के लिए प्रेरित करें और संयम के साथ उनके प्रश्नों का उत्तर दें। इसके अलावा उन्हें यह भी आश्वासन दें कि वे कभी-भी आपसे अपने मन की बात कर सकते हैं।” इसके अलावा आप अपने पहले मासिक धर्म का अनुभव भी साझा कर सकते हैं ताकि वे सहज महसूस कर सकें।
निष्कर्ष
अपनी बेटी को पहले मासिक धर्म के लिए तैयार करना उन्हें अधिक आत्मविश्वासी और तनावमुक्त बना सकता है। इसमें शुरूआती संकेतों को पहचानना, पीरियड किट रखना और बातचीत करना लाभकारी हो सकता है।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

