सुबह के नाश्ते को आमतौर पर “दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन” कहा जाता है, लेकिन इसमें और मानसिक स्वास्थ्य के बीच क्या संबंध है? कुछ लोगों को सुबह का नाश्ता न करने से विभिन्न समस्याएं हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, मस्तिष्क का सही तरीके से काम न करना, चिड़चिड़ापन या ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होना। अत: सुबह के नाश्ते और मानसिक स्वास्थ्य के बीच के संबंध को समझना महत्वपूर्ण है ताकि संभावित जोखिमों को कम किया जा सके।
मस्तिष्क को दिन पर ठीक से काम करने के लिए सुबह क्या चाहिए

आपके मस्तिष्क को ठीक से काम करने के लिए ऊर्जा की आवश्यकता होती है। यह भले ही आपके शरीर का सिर्फ 2% हो, लेकिन यह पूरे दिन की लगभग 20% ऊर्जा इस्तेमाल करता है। जब आप 7–9 घंटे की नींद लेते हैं, तब उस दौरान आपका शरीर फास्टिंग की स्थिति में होता है। डॉ. स्वाति दवे, आहार विशेषज्ञ, PhD खाद्य और पोषण, पुणे बताती हैं कि “जब आप सुबह उठते हैं, तब मस्तिष्क का मुख्य ईंधन — ग्लूकोज़ — कम हो जाता है। अत: एक संतुलित ब्रेकफास्ट आपके शरीर और मस्तिष्क को दिन की अच्छी शुरुआत देने में मदद करता है।”
अगर आप सुबह का नाश्ता नहीं करते हैं, तो शरीर अपनी जमा हुई ऊर्जा का इस्तेमाल करता है, लेकिन यह आपके मस्तिष्क को तेज़ी से काम करने के लिए जरूरी ऊर्जा नहीं दे पाता है। इससे सोचने की क्षमता में कमी, ध्यान लगाने में परेशानी और मूड स्विंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं, विशेषकर सुबह के समय। डॉ. दवे यह भी बताती हैं कि “बार-बार सुबह का नाश्ता न करना मस्तिष्क की कार्यक्षमता को नुकसान पहुंचा सकता है और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को भी प्रभावित कर सकता है।”
ग्लूकोज का स्तर ध्यान और स्मृति को कैसे प्रभावित करता है?
हमारा मस्तिष्क ग्लूकोज पर निर्भर करता है, जिससे यह अच्छे से काम कर सकता है। जब ग्लूकोज का स्तर कम होता है, तब निम्नलिखित समस्याएं हो सकती हैं:
- ध्यान केंद्रित न कर पाना
- चीज़ों को याद रखना
- निर्णय लेना
- सोचने की गति
शोध से यह पता चलता है कि सुबह का नाश्ता करने से याददाश्त और एकाग्रता में सुधार होता है, विशेषकर बच्चों और किशोरों में। वयस्कों में, सुबह का नाश्ता करने से काम में उत्पादकता बढ़ती है और ध्यान तथा तेज सोच की आवश्यकता वाले कार्यों में गलतियाँ कम होती हैं।
याद रखें कि सभी प्रकार का नाश्ता फायदेमंद नहीं होता है। सबसे अच्छा नाश्ता वह है जिसमें कॉम्प्लेक्स कार्ब्स (जैसे ओट्स या साबुत गेहूं), प्रोटीन (जैसे अंडे, दही, या नट्स), स्वस्थ वसा (जैसे एवोकाडो या बीज) शामिल हो। इस प्रकार का नाश्ता आपको स्थिर ऊर्जा प्रदान करता है और ब्लड शुगर के अचानक से बढ़ने से बचाता है। इसके विपरीत, सुबह का नाश्ता न करने या चीनी से भरपूर खाद्य पदार्थ (जैसे पेस्ट्री या मीठे सीरियल) खाने से रक्त शर्करा अचानक बढ़ती है और फिर कम हो जाती है। इसके परिणामस्वरूप थकान और ब्रेन फ़ॉग जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मस्तिष्क की कार्यक्षमता के कम होने के संकेत
अगर आप नियमित रूप से सुबह का नाश्ता नहीं करते हैं तो इससे मस्तिष्क की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकते हैं। इस स्थिति के निम्नलिखित संकेत हो सकते हैं:
- ब्रेन फ़ॉग या सोचने में परेशानी
- चिड़चिड़ापन या मूड स्विंग्स
- ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई
- भूलने की समस्या
- सिरदर्द (सुबह के समय)
- थकान
हालांकि हम इन समस्याओं को अक्सर तनाव या नींद की कमी का नतीजा मानते हैं, लेकिन ये आपकी गलत खाने की आदतों की वजह से भी हो सकती हैं। अगर आप सुबह नाश्ता नहीं करते हैं, तो आपको दिन में कुछ भी और ज्यादा खा लेने का मन करता है — जैसे तली-भुनी या मीठी चीजें। इससे दोपहर का खाना भी असंतुलित हो सकता है और खाने के बाद थकान महसूस होती है।
सुबह भूख न लगने की स्थिति में क्या करना चाहिए?
कुछ लोगों को सुबह भूख नहीं लगती है। यह समस्या विभिन्न कारणों, देर रात खाना खाना, ठीक से न सोना, रोज़ सुबह का नाश्ता ना करना, की वजह से हो सकती है। इसकी वजह से शरीर भूख के संकेत देना बंद कर देता है। इस स्थिति में विभिन्न खाद्य पदार्थ, उदाहरण के लिए, एक फल वाली स्मूदी (fruit smoothie), केले पर थोड़ा पीनट बटर लगाकर खाना, टोस्ट के साथ अंडा, खा सकते हैं। सुबह कम मात्रा में भी भोजन करने से मस्तिष्क बेहतर काम करता है और दिनभर आपकी ऊर्जा बनी रहती है।
निष्कर्ष
सुबह का नाश्ता न करना आम बात लग सकती है, विशेषकर जब समय कम हो। लेकिन इससे मस्तिष्क पर बुरा असर पड़ सकता है। ध्यान लगाना, बातें याद रखना और सोचने की ताकत कमजोर हो सकती है। मस्तिष्क को ठीक से काम करने के लिए लगातार ऊर्जा चाहिए। अगर आप सुबह कुछ नहीं खाते है, तो आपका मस्तिष्क सही तरह से काम नहीं कर पाता है।
घबराने की ज़रूरत नहीं — अच्छा नाश्ता करना मुश्किल नहीं होता, बस संतुलित होना चाहिए। इसलिए अगली बार जब आप बिना खाए निकलने लगें, तो एक पल रुककर सोचें कि आपके मस्तिष्क को दिनभर अच्छे तरीके से काम करने के लिए किस चीज़ की आवश्यकता है।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at factcheck@thip.in. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.


