माँ-बाप की विभिन्न जिम्मेदारियां होती हैं, जिनमें से कुछ अनजाने में छूट जाती हैं। उदाहरण के लिए, बच्चे के मुंह की देखभाल। बच्चे का पहला दांत निकलने से भी पहले, बच्चों के मसूड़ों की सफाई धीरे-धीरे शुरू करनी चाहिए। कई माता-पिता को यह पता नहीं होता है कि इसे कैसे किया जा सकता है इसलिए वे परेशान हो जाते हैं। इस लेख में हमने चर्चा की है कि माता-पिता अपने बच्चे के मसूड़े की सफाई कैसे कर सकते हैं ताकि गंभीर दंत समस्याओं की संभावना को कम किया जा सके।
बच्चों के मसूड़े की सफाई का उनके दांतों पर क्या असर होता है?

डॉ. किरण धनोत्रा, BDS, MDS, कंसल्टेंट पीडियाट्रिक डेंटिस्ट, MRR चिल्ड्रन हॉस्पिटल, महाराष्ट्र, बताती हैं, “कई माता-पिता सोचते हैं कि चूंकि, बच्चे के दांत नहीं निकले हैं इसलिए मसूड़ों की सफाई करना आवश्यक नहीं है। लेकिन वास्तव में, बच्चों के मसूड़े की सफाई का दांतों पर गहरा असर पड़ता है। जब दूध या फॉर्मूला मसूड़ों पर रहता है, तब वहां कीटाणु बढ़ने लगते हैं, जिससे मसूड़े दर्द करने लगते हैं और दांत निकलने पर कैविटी का खतरा बढ़ जाता है।”
डॉ. धनोत्रा आगे बताती हैं कि “मसूड़ों की सफाई जल्दी शुरू करने से बच्चे को मुंह की देखभाल की आदत पड़ जाती है। इससे दांत आने तक बच्चे के मसूड़ों की सफाई करने में आसानी होती है। ये छोटी आदत भविष्य में गंभीर दांतों की समस्याओं को रोकती है, जल्दी दांत सड़ने का खतरा कम करती है और दांतों के महंगे इलाज से बचाती है। इसलिए, बच्चों के मसूड़े की सफाई करना उनके लिए लाभदायक है।
बच्चों के मसूड़ों की सफाई में दूध पिलाने की आदतों की क्या भूमिका होती है?

डॉ. सौम्या सलूजा, पीरियडॉन्टल सर्जन (BDS, MDS), दिल्ली बताती हैं कि “हर बार जब बच्चा दूध पीता है—चाहे माँ का दूध हो या फ़ॉर्मूला— तब कुछ दूध उसके मुँह में रह जाता है। इस दूध में प्राकृतिक चीनी होती है जो मसूड़ों से चिपक सकती है। अगर मसूड़ों की सफाई न की जाए, तो ये चीनी बैक्टीरिया को बढ़ने का कारण बन सकती है, जिससे मसूड़ों में समस्या हो सकती है। रात में दूध पिलाने के बाद सफाई और ज़रूरी हो जाती है क्योंकि सोते समय बच्चों के मुँह में लार (saliva) कम बनती है, जिससे मुँह खुद को साफ नहीं कर पाता है।”
बच्चे के मुँह को स्वस्थ रखने के लिए हर दूध पिलाने के बाद, विशेषकर रात में, एक साफ़, गीले कपड़े से मसूड़ों को धीरे-से पोंछें। इससे दूध का बचा हुआ अंश साफ़ हो जाएगा और बैक्टीरिया नहीं पनपेंगे। फ़ॉर्मूला दूध पीने वाले बच्चों के मसूड़ों की सफाई और ज़रूरी है क्योंकि फ़ॉर्मूला अधिक जमाव छोड़ता है।
भारत जैसे देश में, जहां बच्चे लंबे समय तक स्तनपान या बोतल से दूध पीते हैं, वहां यह छोटी-सी आदत मसूड़ों में संक्रमण और शुरुआती दांतों की सड़न से बचाने में मदद कर सकती है।
दांत आने के दौरान अगर मसूड़ों की सफाई करना मुश्किल लगे तो माता-पिता को क्या करना चाहिए?
जब बच्चे के दांत निकल रहे होते हैं, तब उनके मसूड़े सूजे हुए और दर्द वाले हो सकते हैं। बच्चा चिड़चिड़ा हो सकता है और रो भी सकता है। ऐसे में माता-पिता को डर लगता है कि मसूड़े साफ़ करने से उसे और दर्द होता है। लेकिन इस समय मसूड़ों की सफाई बंद कर देना सही नहीं है। बल्कि, हल्की सफाई से आराम मिलता है और मसूड़ों पर कीटाणु जमते नहीं हैं।
माता-पिता के लिए आसान सुझाव:
- मुलायम, गीले कपड़े या सिलिकॉन फिंगर ब्रश से मसूड़ों को धीरे-धीरे साफ़ करें।
- सफाई से पहले बच्चे को फ्रिज में ठंडा किया गया टीथर चबाने के लिए दें। इससे मसूड़ों को ठंडक मिलती है और सफाई आसान हो जाती है।
- सफाई करते समय धीरे और नरम तरीके से रगड़ें, ज़्यादा ज़ोर न लगाए।
दांत निकलना एक छोटा सा दौर है, लेकिन अगर इस समय मसूड़ों की सफाई बंद कर दी जाए, तो गंभीर दंत समस्याएं हो सकती हैं। थोड़ी सी देखभाल और प्यार से बच्चों के मसूड़ों को साफ और स्वस्थ रखा जा सकता है।
नवजात शिशु की देखभाल करना बहुत थका देने वाला काम होता है और ऐसे में बच्चों के मसूड़ों की सफाई को नज़रअदाज़ कर दिया जाता है। लेकिन अच्छी बात यह है कि मसूड़े साफ करना आसान है, इसमें बस एक मिनट लगता है और यह बच्चों के दांतों को सुरक्षित रखने में सहायता करता है। अगर आप शुरुआत से ही सफाई करते हैं, दूध पिलाने की आदतों का ध्यान रखते हैं और दांत निकलने के समय भी आराम से सफाई जारी रखते हैं, तो अगर माता-पिता सिर्फ मसूड़े नहीं साफ़ करते हैं— बल्कि उन्हें यह आदत भी सीखाते हैं।
Disclaimer: Medical Science is an ever evolving field. We strive to keep this page updated. In case you notice any discrepancy in the content, please inform us at [email protected]. You can futher read our Correction Policy here. Never disregard professional medical advice or delay seeking medical treatment because of something you have read on or accessed through this website or it's social media channels. Read our Full Disclaimer Here for further information.

